ये एक्टर्स रातों रात बनें सुपर स्टार, सुबह होते ही हो गए 'गायब'!


कुछ एक्‍टर्स ऐसे भी हैं, जिन्‍हें पहली ही फिल्‍म से स्‍टारडम मिल जाता है। वो ‘वन फिल्‍म वंडर’ या ‘एक रात के स्‍टार’ बनकर रह जाते हैं। यानी आगे या तो उनकी फिल्‍में नहीं आतीं या फिर वो चल नहीं पातीं। एक नजर ऐसे ही कुछ बॉलीवुड एक्‍टर्स पर...

राजीव कपूर
कपूर खानदान के एकलौते ऐसे चिराग जिनका फिल्‍मी करियर परवान नहीं चढ़ सका। राज कपूर के बेटे राजीव कपूर ने 1985 में ‘राम तेरी गंगा मैली’ से डेब्‍यू किया। फिल्‍म हिट रही। लेकिन राजीव उसके बाद कहीं खो गए।

कुमार गौरव
दिग्‍गज एक्‍टर राजेंद्र कुमार के बेटे कुमार गौरव रातों-रात स्‍टार बने। फिल्‍म थी 1981 में रिलीज ‘लव स्‍टोरी’। लेकिन इसके बाद सिनेमाई पर्दे ने जैसे उन्‍हें नकार दिया। कुमार गौरव संजय दत्त के बहनोई हैं। ‘कांटे’ फिल्‍म में भी नजर आए थे।

राहुल रॉय
साल 1990 में रिलीज ‘आशि‍की’ ने राहुल रॉय को लवर ब्वॉय वाली इमेज दी। फिल्‍म के गाने सुपर-डुपर हिट थे। लेकिन फिर उनकी कोई फिल्‍म नहीं चली। हां, आगे वह ‘बिग बॉस’ के पहले सीजन के विनर जरूर बने।

जुगल हंसराज
क्‍यूट चेहरा। प्‍यारी मुस्‍कान। 1983 में रिलीज ‘मासूम’ से जुगल ने डेब्‍यू किया। 1994 में ‘आ गले लग जा’ से बतौर लीड एक्‍टर बड़े पर्दे पर एंट्री। फिल्‍म हिट भी रही थीं, लेकिन जुगल का करियर आगे नहीं बढ़ पाया। विद्या बालन की फिल्‍म ‘कहानी 2’ में जुगल निगेटिव रोल में नजर आए थे।

विवेक मुशरान
सुभाष घई की बेहतरीन फिल्‍म ‘सौदागर’ ने विवेक ने डेब्‍यू किया। मनीषा कोईराला के साथ ‘ईलू ईलू’ भी गाया। इस फिल्‍म के बाद उनके हिस्‍से कई प्रोजेक्‍ट्स आए, लेकिन फिल्‍मी ग्राफ आगे नहीं बढ़ पाया।

नकुल कपूर
साल 2002 में एक म्‍यूजिकल हिट फिल्‍म रिलीज हुई ‘तुमसे अच्‍छा कौन है’। इसमें लीड रोल प्‍ले किया है नकुल कपूर ने। लेकिन वह वन फिल्‍म वंडर ही साबित हुए। नकुल के बारे में फिलहाल यही खबर है कि वो विदेश में कहीं बस गए हैं।

हरमन बावेजा
साल 2008 में साइंटिफिक फिक्‍शन ‘लव स्‍टोरी 2050’ से हरमन ने इंडस्‍ट्री में एंट्री मारी। रितिक रोशन की तरह दिखते हैं। डांस भी अच्‍छा करते हैं। इन सबसे अध‍िक चर्चा रही कि वो तब प्रियंका चोपड़ा को डेट कर रहे थे। एक-दो फिल्‍में और आईं, लेकिन चर्चा-ए-आम से कब गुमनाम हो गए पता नहीं चला।

Comments