कांवड़ यात्रियों के लिये निर्देश जारी : छवि धूमिल करने वाला आचरण ना करें
अमर जीत यादव
बस्ती:उत्तर प्रदेश के गृह विभाग ने आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों के लिये महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए ताकीद की है कि इस धार्मिक यात्रा के दौरान को कांवड़िये साम्प्रदायिक सद्भाव बनाये रखें और छवि को धूमिल करने वाला कोई आचरण ना करें।
गृह विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि कांवड़ यात्रियों को जारी दिशानिर्देश में कहा गया है कि कांवड़ यात्रा एक धार्मिक यात्रा है इसलिए इस दौरान कोई ऐसा आचरण न करें, जिससे उनकी छवि खराब हो। मिश्रित आबादी वाले इलाकों से गुजरते समय उत्तेजक या आपत्ति जनक नारों का प्रयोग ना करें और परम्परा से हटकर कोई मार्ग या जुलूस या कार्यक्रम ना करें।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान डी.जे. बजाने पर पूरी तरह पाबंदी होगी। हालांकि आदेश प्राप्त करने के बाद नियमों के अनुसार लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति होगी। रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक लाउड स्पीकर या पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
प्रवक्ता ने बताया कि सभी जिलों में धारा-144 के तहत निषेधाज्ञालागू करते हुए डी.जे. को प्रतिबन्धित किया जाएगा । कांवड़ यात्रा के सम्बन्ध में जो कांवड़ समितियां डी.जे. के इतर अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग करने की अनुमति के लिये आवेदन करना चाहती हैं, उनसे आवेदन निर्धारित प्रारूप पर प्राप्त करना होगा।
उन्होंने बताया कि इस आवेदन के सम्बन्ध में पुलिस आख्या प्राप्त कर अनुमति कांवड़ समिति के मुख्यालय के जनपद के द्वारा दी जाएगी, जो अनुमति की शर्तो के पालन की दशा में सम्पूर्ण मार्ग के लिए जिलाधिकारी द्वारा नियत अवधि के लिए मान्य होगी।

Comments
Post a Comment